Year Ender 2022 Series : व्यक्तित्व निधन वार्षिकी 2022

नीतिशास्त्रों में कहा गया है कि जीवन और मरण इस संसार का शाश्वत सत्य है। जो जन्म लेता है, उसकी एक-न-एक दिन मृत्यु होनी ही है, लेकिन कुछ लोगों का व्यक्तित्व ऐसा होता है .... उनका काम ऐसा होता है कि वे लोग मरकर भी अमर हो जाते हैं। इस कड़ी में बात कुछ ऐसे ही महत्वपूर्ण और प्रभावशाली व्यक्तियों की जिन्होंने 2022 में इस दुनिया को अलविदा कह दिया।

पंडित बिरजू महाराज

साल के शुरुआत में 17 जनवरी 2022 को लखनऊ के कालका-बिंदादीन घराने के मशहूर कत्थक नर्तक पंडित बिरजू महाराज का निधन हो गया। उनका जन्म 4 फरवरी 1938 को लखनऊ में हुआ था। उनका वास्तविक नाम ब्रजमोहन नाथ मिश्रा था। इनके पिता अच्छन महाराज भी कत्थक के प्रसिद्ध नर्तक थे, लेकिन बिरजू महाराज को कत्थक का प्रशिक्षण उनके पिता से नहीं बल्कि उनके चाचा शंभू महाराज और लच्छू महाराज से मिला था। पंडित बिरजू महाराज को पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

लता मंगेशकर

6 फरवरी 2022 को स्वर-साम्राज्ञी लता मंगेशकर का निधन हो गया। भारत रत्न लता मंगेशकर ने लगभग बीस से ज़्यादा भाषाओँ में फ़िल्मी और गैर फ़िल्मी गीत गाये हैं। लता मंगेशकर को लोग सम्मान से लता दीदी के नाम से बुलाते थे। अपने 6 दशक से अधिक के करियर में उन्होंने 20,000 से भी अधिक गीत गाये हैं। साल 1974 में उन्होंने सबसे अधिक गीत गाने का गिनीज़ बुक रिकॉर्ड बनाया था। हालाँकि उनका यह रिकॉर्ड टूट गया है। लता मंगेशकर ने 'ऐ मेरे वतन के लोगों', 'ऐसा देश है मेरा', 'नीला आसमां सो गया' सहित अनेक सुपरहिट गीतों में अपनी आवाज़ दी है।

शेन वॉर्न

ऑस्ट्रेलिया के महान क्रिकेटर शेन वॉर्न का 4 मार्च 2022 को हार्ट अटैक से निधन हो गया। उनके असामयिक निधन से क्रिकेट समेत सम्पूर्ण खेल जगत हतप्रभ रह गया। शेन वॉर्न सबसे अधिक विकेट लेने वाले लेग स्पिनर थे। वॉर्न ने अपना पहला इंटरनेशनल मैच भारत के खिलाफ टेस्ट मैच में खेला था। यह मैच सिडनी में 1992 में हुआ था। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट में 1000 से अधिक विकेट लिए हैं।

बप्पी लाहिड़ी

डिस्को किंग के नाम से मशहूर संगीतकार और गायक बप्पी लाहिड़ी का 16 फरवरी 2022 को निधन हो गया। बप्पी लाहिड़ी का असली नाम अलोकेष लाहिड़ी है। स्वर्ण आभूषणों के शौक़ीन बप्पी लाहिड़ी को लोग बप्पी दा के नाम से बुलाते थे। 80 के दशक में उन्होंने रॉकिंग डिस्को म्यूजिक से बॉलीवुड का परिचय कराया। 'याद आ रहा है', 'ऊ ला ला' और 'गोरी हैं कलाइयां' जैसे गानों में बप्पी दा का हुनर देखकर आप भी 'वाह' कर उठेंगे।

हेमानंद बिस्वाल

उड़ीसा के पूर्व मुख्यमंत्री हेमानंद बिस्वाल का 25 फरवरी 2022 को निधन हो गया। हेमानंद बिस्वाल उड़ीसा के पहले आदिवासी मुख्यमंत्री थे। मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने दो कार्यकाल पूरा किया। मुख्यमंत्री के रूप में उनका पहला कार्यकाल 7 दिसंबर 1989 से 5 मार्च 1990 तक था और उनका दूसरा कार्यकाल 6 दिसंबर 1999 से 5 मार्च 2000 तक था।

शिव कुमार शर्मा

ारत के प्रसिद्ध संतूरवादक पंडित शिव कुमार शर्मा का निधन 10 मई 2022 को हुआ था। पंडित शिव कुमार शर्मा ने अपने पिता उमादत्त शर्मा से संतूर वादन की शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने संतूर को भारतीय शास्त्रीय संगीत के अनुकूल बनाने के लिए इसमें कुछ परिवर्तन भी किये थे। शास्त्रीय संगीत के अलावा उन्होंने कुछ बॉलीवुड फिल्मों के संगीत में भी संतूर वादन किया है। पंडित शिव कुमार शर्मा को पद्म विभूषण सहित कई पुरस्कारों से सम्मानित किया गया है।

सिद्धू मूसेवाला

फेमस पंजाबी गायक और रैपर सिद्धू मूसेवाला को 29 मई 2022 को अज्ञात हमलावारों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। सिद्धू मूसेवाला का वास्तविक नाम शुभदीप सिंह सिद्धू था। सिद्धू कांग्रेस पार्टी के सदस्य भी थे, लेकिन वो 2022 के पंजाब विधानसभा चुनाव में हार गए थे। मूसेवाला के म्यूज़िक ट्रैक 'सो हाई' लोगों के बीच काफी पॉपुलर हुआ था।

केके

संगीत की दुनिया के महान कलाकार केके का 31 मई 2022 को निधन हो गया। केके का वास्तविक नाम कृष्ण कुमार कुन्नथ था। केके कोलकाता में एक कॉन्सर्ट में परफॉरमेंस देने गए थे। वहीं पर परफॉरमेंस के बाद अचानक हार्ट अटैक आने से उनका निधन हो गया। हम दिल दे चुके सनम, कोई मिल गया जैसी अनेक सुपरहिट फिल्मों के लिए उन्होंने गीत गाये हैं।

शिंजो अबे

जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की 8 जुलाई 2022 को एक चुनाव कैम्पेन के दौरान गोली मरकर हत्या कर दी गयी। शिंजो अबे ने सबसे अधिक समय तक जापान के प्रधानमंत्री पद को संभाला था। शिंजो अबे के निधन पर भारत सरकार ने भी देश में एक दिन का राष्ट्रीय शोक रखा था।

सुशोवन बनर्जी

एक रुपया डॉक्टर के नाम से मशहूर डॉ सुशोवन बनर्जी का 26 जुलाई 2022 को निधन हो गया। डॉ सुशोवन बनर्जी पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में चिकित्सक थे। उन्होंने आजीवन मरीज़ों के इलाज के लिए मात्र 1 रुपये का शुल्क लिया। लोग उन्हें गरीबों का मसीहा बुलाते थे। साल 2020 में उनके इस नेक कार्य के लिए भारत सरकार ने उन्हें पद्म श्री भी प्रदान किया था।

राकेश झुनझुनवाला

14 अगस्त 2022 को भारत के वारेन बफ़ेट के नाम से प्रसिद्ध राकेश झुनझुनवाला का निधन हो गया। रिपोर्ट्स के अनुसार उनकी दोनों किडनी फेल हो चुकी थी। लम्बे समय से वे डायलिसिस पर आश्रित थे। दलाल स्ट्रीट के बादशाह झुंझुनवाला ने अपना पहला निवेश मात्र 14 वर्ष की छोटी सी आयु में किया था। अपने निधन से कुछ दिन पहले ही उन्होंने अकासा एयरलाइन्स के नाम से एक नयी एयरलाइन कंपनी शुरू की थी।

साइरस मिस्त्री

4 सितम्बर 2022 को टाटा संस के पूर्व चेयरमैन साइरस मिस्त्री का एक सड़क हादसे में निधन हो गया। साइरस मिस्त्री लम्बे समय तक टाटा संस के चेयरमैन थे, लेकिन बाद में कुछ विवाद की वजह से उन्होंने चेयरमैन पद से इस्तीफ़ा दे दिया था। इसके पहले 28 जून 2022 को उनके पिता शापूरजी पालोनजी मिस्त्री का भी निधन हो गया था।

क्वीन एलिज़ाबेथ II

8 सितम्बर 2022 को ब्रिटेन की महारानी एलिज़ाबेथ II का निधन हो गया। क़्वीन एलिज़ाबेथ द्वितीय ब्रिटेन की सबसे लम्बे समय तक शासन करने वाली महारानी थीं। वो साल 1952 में ब्रिटेन की महारानी बनी थीं। उन्होंने 70 वर्ष तक ब्रिटेन की महारानी के पद को सुशोभित किया। भारत ने भी उनके निधन पर एक दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया था और सभी सरकारी और राष्ट्रीय इमारतों पर तिरंगा आधा झुका दिया गया था।

राजू श्रीवास्तव

21 सितम्बर 2022 को मशहूर कॉमेडियन राजू श्रीवास्तव का निधन हो गया। राजू श्रीवास्तव ने टैलेंट शो 'द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेन्ज' के साथ स्टैंड अप कॉमेडी की दुनिया में कदम रखा था। लोगों के बीच वो गजोधर भैया के नाम से मशहूर थे। स्टैंड अप कॉमेडी के अलावा उन्होंने बतौर हास्य कलाकार कई फिल्मों में भी अभिनय किया है।

मुलायम सिंह यादव

10 अक्टूबर 2022 को समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की मृत्यु हो गयी। मुलायम सिंह यादव ने तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री चुने गए थे। पहली बार साल 1967 में वो विधानसभा के सदस्य चुने गए थे और साल 1992 में उन्होंने समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी।

पेले

29 दिसंबर 2022 को ब्राज़ील के महान फुटबॉलर पेले का निधन हो गया। पेले पिछले एक साल से कोलन कैंसर से जूझ रहे थे। पेले ने ब्राजील को तीन बार फुटबॉल विश्व कप जिताया था। फीफा ने उन्हें 'द ग्रेटेस्ट' का शीर्षक भी दिया था।